नीमला सरकारी स्कूल में भामाशाहों ने भेंट किया म्यूजिकल व माइक सिस्टम, सीबीईओ लीलावती मीना ने किया उद्घाटन।
By Shubh Bhaskar ·
23 Apr 2026 ·
5 views
नीमला सरकारी स्कूल में भामाशाहों ने भेंट किया म्यूजिकल व माइक सिस्टम, सीबीईओ लीलावती मीना ने किया उद्घाटन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- गुरुवार को राजगढ़ उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नीमला में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लीलावती मीना ने सघन निरीक्षण किया। इस अवसर पर भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय को प्राप्त नए म्यूजिकल एवं माइक सिस्टम का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया, जिससे विद्यालय के विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया।
निरीक्षण के दौरान सीबीईओ लीलावती मीना ने मिड-डे-मील की गुणवत्ता तथा विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। संस्था प्रधान मंजू बैरवा ने उन्हें विद्यालय में चल रहे नवाचारों और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण में विद्यालय की समस्त व्यवस्थाएं उत्कृष्ट एवं संतोषप्रद पाई गईं, जिस पर शिक्षा अधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि भामाशाहों का योगदान सरकारी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि म्यूजिकल सिस्टम की स्थापना से अब प्रार्थना सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में आधुनिकता और स्पष्टता आएगी।
इस अवसर पर दीनदयाल शर्मा, रामावतार शर्मा, मोनिका विजय सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने अतिथियों एवं भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।