संतों का सम्मान कर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने किया तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन। उज्जैन को पवित्र नगरी घोषित करने की उठी मांग।
By Shubh Bhaskar ·
23 Apr 2026 ·
6 views
संतों का सम्मान कर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने किया तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन।
उज्जैन को पवित्र नगरी घोषित करने की उठी मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- उज्जैन- उज्जैन अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन बुधवार सायंकाल स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि जी महाराज के आश्रम समन्वय निलियम में भव्य संत सम्मान समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम का समय सायं ०6 बजे निर्धारित था, जिसमें बड़ी संख्या में संत समाज एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आद्य शंकराचार्य जयंती एवं भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के समापन समारोह में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण उपाध्याय, महाकाल मंदिर समिति के सदस्य राजेन्द्र शर्मा ‘गुरूजी’ तथा शंकराचार्य जयंती समारोह के संयोजक एवं त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक आदित्य नागर ने संतों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंटकर सम्मानित किया।
सम्मानित संतों में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी शैलेषानन्द गिरि महाराज, निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानन्द गिरि महाराज, जूना अखाड़ा के महंत स्वामी निलेशानन्द जी महाराज, निरंजनी अखाड़ा के स्वामी ओमानन्द सरस्वती महाराज तथा महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी पं. रमन त्रिवेदी शामिल रहे।
इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में स्वामी शैलेषानन्द गिरि महाराज ने आदि शंकराचार्य के जीवन एवं उनके अद्वैत दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सनातन धर्म को पुनः स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय दर्शन को नई दिशा दी। वहीं स्वामी प्रेमानन्द गिरि महाराज ने भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्हें भगवान विष्णु का छठा अवतार बताया और उनके त्याग, तप एवं धर्म रक्षा के संदेश को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में आदित्य नागर ने उज्जैन की धार्मिक महत्ता और सिंहस्थ पर्व को ध्यान में रखते हुए उज्जैन को पवित्र नगरी घोषित करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से उज्जैन में मांस एवं मदिरा के सेवन से परहेज करने का आह्वान किया। इस प्रस्ताव का उपस्थित संत समाज एवं जनसमुदाय ने समर्थन किया।
समारोह में शैलेन्द्र द्विवेदी, दिनेश रावल, रामेश्वर जोशी, वीरेन्द्र त्रिवेदी, रमाकांत शर्मा, अरुण शर्मा, अरविन्द जोशी, अजयप्रकाश मेहता, संजय चतुर्वेदी, गोपाल त्रिवेदी, मुकेश व्यास, दिलीप नागर, मुन्नीलाल शर्मा, किरणकांत मेहता, दीपक शर्मा, अमरीष शुक्ला, हेमन्त दुबे,डाक्टर उपेंद्रनाथ त्रिपाठी, शिव शक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद उपाध्याय, त्रिलोक तिवाड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन शैलेष दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शैलेन्द्र व्यास ‘स्वामी मुस्कुराके’ द्वारा व्यक्त किया गया। समाज के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चतुर्वेदी द्वारा दी गई।