अलवर जिला परिषद बैठक से पहले गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे पार्षद, कालाबाजारी के लगाए आरोप।
By Shubh Bhaskar ·
23 Apr 2026 ·
6 views
अलवर जिला परिषद बैठक से पहले गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे पार्षद, कालाबाजारी के लगाए आरोप।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक शुरू होने से पहले उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब जिला पार्षद जगदीश जाटव अपने कंधे पर गैस सिलेंडर उठाकर सभागार के बाहर पहुंच गए। उन्होंने इस अनोखे तरीके से गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
जगदीश जाटव ने आरोप लगाया कि जिले में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत बनी हुई है और कालाबाजारी के चलते आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बाजार में गैस सिलेंडर तीन से चार हजार रुपए तक में ब्लैक में बेचे जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग प्रभावित हो रहे हैं।
पार्षद ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि वहां के लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई गांवों में बेटियों की शादियां होने के बावजूद परिवारों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जगदीश जाटव ने जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस समस्या पर तुरंत ध्यान देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।