शाहपुरा खेल अकादमी निर्माण कार्य में अनियमितताओं पर औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य रुकवाया गया
By Shubh Bhaskar ·
19 Apr 2026 ·
7 views
शाहपुरा खेल अकादमी निर्माण कार्य में अनियमितताओं पर औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य रुकवाया गया
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-शाहपुरा क्षेत्र के माताजी का खेड़ा रोड स्थित निर्माणाधीन खेल अकादमी का आज शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। यह खेल अकादमी राजस्थान शहरी पेयजल सीवरेज एवं अवसंरचना निगम लिमिटेड (रूडसिको) के माध्यम से ठेकेदार द्वारा निर्मित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएँ पाईं। उपयोग में ली जा रही निर्माण सामग्री अत्यंत घटिया स्तर की पाई गई, साथ ही निर्माण कार्य भी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए।
विधायक डॉ. बैरवा ने मौके पर ही रूडसिको के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को दूरभाष के माध्यम से स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से खेल अकादमी बनाई जा रही है, लेकिन घटिया निर्माण कार्य से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि आगामी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर सख्ती से निगरानी रखी जाएगी।