ऑपरेशन 'म्यूल हंटर': साइबर ठगों के 'फाइनेंस मैनेजरों' पर कोटा पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 गिरफ्तार।
By Shubh Bhaskar ·
19 Apr 2026 ·
19 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
ऑपरेशन 'म्यूल हंटर': साइबर ठगों के 'फाइनेंस मैनेजरों' पर कोटा पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 गिरफ्तार।
खाता बेचने वालों की अब खैर नहीं! कमीशन के लालच में बने थे गुनाहगार, एसपी तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर बोरखेड़ा पुलिस की बड़ी चोट।
कोटा शहर में साइबर अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस ने अब उनकी 'लाइफलाइन' पर हमला बोल दिया है। एसपी तेजस्वनी गौतम (IPS) के नेतृत्व में चल रहे 'ऑपरेशन म्यूल हंटर' के तहत बोरखेड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उन तीन 'म्यूल अकाउंट होल्डर्स' को दबोच लिया है, जो साइबर ठगों को अपना बैंक खाता किराए पर देकर काली कमाई को ठिकाने लगाने में मदद कर रहे थे।
करोड़ों की ठगी का 'सुरक्षित रास्ता' बंद
साइबर ठग अक्सर पुलिस से बचने के लिए आम लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं। पकड़े गए तीनों आरोपियों—अनेक सिंह (24), पुष्पेंद्र सिंह (22) और लखन (23) ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अपने खाते अज्ञात ठगों को सौंप दिए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन खातों में ठगी की राशि का बड़ा लेन-देन हुआ था।
पुलिस की रडार पर थे संदिग्ध ट्रांजेक्शन एडिशनल एसपी दिलीप सैनी और डीएसपी रूद्रप्रकाश शर्मा की टीम ने जब साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और बैंक ट्रांजेक्शन का मिलान किया, तो इन तीनों के नाम सामने आए। पुलिस ने जाल बिछाकर इन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में इन्होंने कबूल किया कि चंद रुपयों के लालच में आकर इन्होंने अपनी पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड ठगों के हवाले कर दिए थे।
जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे 'मददगार
बोरखेड़ा थाना अधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। पुलिस अब इन खातों के जरिए देश के अन्य हिस्सों में हुई ठगी के तार जोड़ने में जुटी है।
"सावधान! आपका एक छोटा सा लालच आपको जेल की हवा खिला सकता है। अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या एटीएम किसी को न दें। हम उन सभी लोगों को चिन्हित कर रहे हैं जो अनजाने में या जानबूझकर साइबर अपराधियों के मददगार बन रहे हैं।"
— कोटा पुलिस की अपील