बिना डॉक्टर चल रहा लाइफ लाइन चाइल्ड केयर अस्पताल, बच्चों की सेहत से खुला खिलवाड़।
By Shubh Bhaskar ·
25 Jan 2026 ·
18 views
1️⃣ बिना डॉक्टर चल रहा लाइफ लाइन चाइल्ड केयर अस्पताल, बच्चों की सेहत से खुला खिलवाड़।
2️ नरकटियागंज में नियमों को ताक पर रखकर संचालित चाइल्ड केयर अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग मौन।
कंपाउंडर के भरोसे बच्चों का इलाज! लाइफ लाइन चाइल्ड केयर अस्पताल पर गंभीर आरोप।
दैनिक शुभ भास्कर बिहार
पश्चिम चंपारण बेतिया नरकटियागंज (संवाद सूत्र):
नरकटियागंज के नागेंद्र तिवारी चौक स्थित लाइफ लाइन चाइल्ड केयर अस्पताल में बिना पंजीकृत डॉक्टर के इलाज किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में बच्चों का उपचार बिना किसी शिशु रोग विशेषज्ञ या अधिकृत चिकित्सक की मौजूदगी के किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर मरीजों की जान से खिलवाड़ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल में अधिकतर समय केवल कंपाउंडर और अन्य स्टाफ के भरोसे ही इलाज किया जाता है। परिजनों का कहना है कि जब वे डॉक्टर की मौजूदगी के बारे में पूछते हैं तो अस्पताल संचालक दीपक गुप्ता द्वारा टालमटोल भरे जवाब दिए जाते हैं, जिससे अभिभावकों में भय और असमंजस की स्थिति बनी रहती है।
स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी अस्पताल या नर्सिंग होम में पंजीकृत चिकित्सक की उपस्थिति अनिवार्य होती है। इसके बावजूद इस तरह का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो कोई बड़ी और गंभीर घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक कार्रवाई करता है।