22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, सफल आयोजन को लेकर हुई समन्वय बैठक
By Shubh Bhaskar ·
23 Jan 2026 ·
7 views
22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, सफल आयोजन को लेकर हुई समन्वय बैठक
जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में सभी विभाग मिलकर देंगे आमजन को योजनाओं का लाभ
दैनिक शुभ भास्कर नीरज प्रजापति उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड उरई जालौन
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन को लेकर जिला दीवानी न्यायालय उरई में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद के समस्त उपजिला मजिस्ट्रेट, प्रोबेशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, श्रम प्रवर्तन, खाद्य विभाग, जिला पंचायत, महिला कल्याण विभाग, सूचना विभाग, विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को अपर जिला जज प्रथम नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिला जज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन श्रीमती पारूल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए नोडल अधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में समाज के सभी वर्गों के विधिक सशक्तीकरण तथा विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद जालौन में यह मेगा शिविर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में जिले के समस्त विभागों द्वारा एक ही स्थान पर अलग-अलग कैम्प लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से आमजन को विभिन्न प्रशासनिक, जनकल्याणकारी एवं कार्यकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विभाग अपने-अपने द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिविर की तैयारियों को समय से पूर्ण किया जा सके और आयोजन की सार्थकता सिद्ध हो।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मेगा शिविर को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
समन्वय बैठक में अपर सिविल जज सीडी उरई श्रीमती शाम्भवी प्रथम, नगर मजिस्ट्रेट उरई श्री राजेश कुमार वर्मा, उपजिला मजिस्ट्रेट कोंच ज्योति सिंह, उपजिला मजिस्ट्रेट कालपी श्री मनोज कुमार सिंह, उपजिला मजिस्ट्रेट जालौन श्री हेमन्त पटेल, उपजिला मजिस्ट्रेट माधौगढ़ के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार श्री सदुल्लाह खां, जिला अभिहित अधिकारी डा. जतिन कुमार सिंह, अपर सूचना अधिकारी श्री पंकज तिवारी, विकास प्राधिकरण के प्रतिनिधि जेई गौरव जिझौतिया, प्रोबेशन विभाग की प्रतिनिधि पीसी सुश्री प्रतीक्षा सिंह, डूडा विभाग के प्रतिनिधि श्री नारायण दास, श्रम विभाग के प्रतिनिधि श्री रोहित कुमार दीक्षित, कार्यक्रम विभाग की प्रतिनिधि श्रीमती पल्लवी चौरसिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।