ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बिना नम्बर प्लेट व नियम विरुद्ध वाहनों पर चला सघन अभियान

By Shubh Bhaskar · 23 Jan 2026 · 126 views
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बिना नम्बर प्लेट व नियम विरुद्ध वाहनों पर चला सघन अभियान

नियम तोड़ने वाले वाहनों के काटे गए चालान, वाहन चालकों को किया गया जागरूक


दैनिक शुभ भास्कर नीरज प्रजापति उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड उरई जालौन
‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत जनपद जालौन में शुक्रवार को सघन प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नम्बर प्लेट, कूट रचित नम्बर प्लेट, नियमों का उल्लंघन कर रहे माल वाहनों एवं यात्री वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नियम विरुद्ध पाए गए वाहनों के नियमानुसार चालान किए गए।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान बिना नम्बर प्लेट अथवा कूट रचित नम्बर प्लेट लगाए वाहन, ओवरलोड माल ढोने वाले वाहन तथा यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने जैसे मामलों में प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए एचएसआरपी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य रूप से लगवाने, माल वाहनों में सवारियां न बैठाने तथा ओवरलोड माल न ढोने की सख्त हिदायत दी गई। इसके साथ ही रात्रि एवं कोहरे के दृष्टिगत वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप लगाने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी गई।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि वाहन का संचालन करते समय सभी वैध प्रपत्र साथ रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा ओवरस्पीड और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें।
कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए चालकों से अपील की गई कि दृश्यता कम होने की स्थिति में वाहन की गति सीमा कम रखें और अत्यधिक कोहरा होने पर वाहन को किसी सुरक्षित स्थान अथवा पेट्रोल पंप आदि पर खड़ा कर लें, जिससे किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य नियमों की भी जानकारी दी गई और वाहन चालकों को सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube