राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: ओलावृष्टि व तेज बारिश, जयपुर में सीजन की पहली मावठ, 14 जिलों में अलर्ट।
By Shubh Bhaskar ·
23 Jan 2026 ·
17 views
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: ओलावृष्टि व तेज बारिश, जयपुर में सीजन की पहली मावठ, 14 जिलों में अलर्ट।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर
अलवर जिले सहित राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह अलवर जिले सहित राजस्थान में ओलावृष्टि होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है, वहीं राजधानी जयपुर सहित अलवर, टोंक, नागौर समेत 10 से अधिक जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है।
अलवर जिले सहित राजधानी जयपुर में आंधी के साथ सीजन की पहली मावठ दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह करीब ०5 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो 6:30 बजे तक तेज बारिश में तब्दील हो गई। तेज हवाओं और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर सर्दी लौटती महसूस हो रही है।
मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 14 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 11 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके साथ ही विभाग ने आगामी दिनों में घना कोहरा और शीतलहर चलने की चेतावनी भी दी है।
गुरुवार दोपहर बाद सरहदी जिलों—अलवर,जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर, गंगानगर और जोधपुर—सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, सीकर जिले के कोटड़ी, सीमारला और सरगोठ क्षेत्रों तथा अलवर के टहला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 10 से 15 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरने की सूचना है।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका
सीकर और अलवर के आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि अचानक गिरे ओलों से रबी की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
टोंक शहर में भी शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजस्थान में करीब सुबह ०6 बजे से बूंदाबांदी के साथ तेज हवा चलने से ठंड में इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं शादी वाले घरों में मौसम के परिवर्तन को देखते हुए चिंता खड़ी हो गई। अलवर जिले के श्रमजीवीपत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह जानकारी टहला क्षेत्र से रजनीकांत पटेल द्वारा दी गई।