पीपाड़ शहर में कल भक्ति और सेवा का संगम: 101 मन लापसी गौशालाओं में होगी वितरित
By Shubh Bhaskar ·
14 Jan 2026 ·
104 views
पीपाड़ शहर में कल भक्ति और सेवा का संगम: 101 मन लापसी गौशालाओं में होगी वितरित
पीपाड़ सिटी। जीव दया ग्रुप सेवा संस्थान, पीपाड़ के तत्वावधान में 15 जनवरी को शहर की विभिन्न गौशालाओं के लिए एक विशाल 'लापसी महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। गौ सेवा के इस पुनीत कार्य में संस्थान द्वारा लगभग 40 क्विंटल शुद्ध लापसी बनाकर गोवंश को परोसी जाएगी।संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि जीव दया और करुणा के भाव को समर्पित इस आयोजन की तैयारियां पिछले कई दिनों से जोर-शोर से चल रही थीं। कल सुबह से हलवाइयों की विशेष टीम द्वारा शुद्ध घी, गुड़ से लापसी बनवाई जाएगी तैयार लापसी को शहर की सभी प्रमुख गौशालाओं में रथों और वाहनों के जरिए भेजा जाएगा, ताकि शहर का कोई भी गोवंश इस प्रसाद से वंचित न रहे।इस महोत्सव को लेकर जीव दया ग्रुप के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। संस्थान के सदस्यों का कहना है कि— "गौ माता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। 101 मन लापसी का यह लक्ष्य केवल एक संख्या नहीं, बल्कि गौ माता के प्रति हमारी अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।"इस आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिक, दानदाता और गौ भक्त भी बड़ी संख्या में अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।