ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

बढ़ती महंगाई और स्थानीय समस्याओं के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का हल्लाबोल; नरेंद्र कुमार रैगर और नारायण लाल गाडरी के नेतृत्व में SDM को सौंपा ज्ञापन

By Shubh Bhaskar · 03 Jun 2026 · 12 views
बढ़ती महंगाई और स्थानीय समस्याओं के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का हल्लाबोल; नरेंद्र कुमार रैगर और नारायण लाल गाडरी के नेतृत्व में SDM को सौंपा ज्ञापन

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

बनेड़ा-देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती अत्यधिक महंगाई, आसमान छूती कीमतों और विभिन्न स्थानीय जन-समस्याओं के विरोध में बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बनेड़ा द्वारा उपखंड अधिकारी बाबू लाल वर्मा को महामहिम राज्यपाल के नाम एक व्यापक ज्ञापन सौंपा गया। विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आम जनता की बदहाली का हवाला देते हुए सरकार से तुरंत राहत देने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते हुए नेताओं ने कहां कि आज समाज का हर वर्ग चाहे वह गरीब हो, किसान हो, मजदूर हो या मध्यम वर्ग महंगाई की चौतरफा मार से बुरी तरह पीड़ित है। दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। भीषण गर्मी के इस मौसम में क्षेत्र में की जा रही अघोषित बिजली कटौती और सुचारू पेयजल आपूर्ति न होने से जनता में भारी आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। पानी और बिजली के संकट का तुरंत समाधान किया जाए। रसोई गैस, खाद्य तेल, दालें, दूध और अन्य आवश्यक घरेलू सामग्रियों की कीमतें लगातार बढ़ने से आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। रासायनिक खादों, बीजों, कीटनाशकों और कृषि उपकरणों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी से किसानों की लागत दोगुनी हो गई है, जबकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के कारण माल ढुलाई महंगी हो गई है, जिसका सीधा असर हर छोटी-बड़ी उपभोग्य वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। एक तरफ लोगों की आमदनी घट रही है और रोजगार के अवसर समाप्त हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ बढ़ती कीमतों ने नागरिकों की क्रय शक्ति को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। कांग्रेस कमेटी ने उपखंड अधिकारी बाबू लाल वर्मा के माध्यम से चेताया है कि जनता के व्यापक हित को देखते हुए इस ज्ञापन को सरकार एवं संबंधित उच्चाधिकारियों तक तुरंत प्रेषित किया जाए और बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने तथा स्थानीय समस्याओं (बिजली, पानी व अन्य) का त्वरित समाधान करवाने हेतु उचित व प्रभावी कदम उठाए जाएं।
विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर एवं ब्लॉक अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी ने कहां कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग बुरी तरह परेशान हैं। इसके साथ ही अघोषित बिजली कटौती और पानी के संकट ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। यदि समय रहते राहत प्रदान नहीं की गई तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बनेड़ा जनहित में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य रहेगी। इस दौरान विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर, ब्लॉक अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बनेड़ा के समस्त वरिष्ठ पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube