पीपाड़ शहर में गूंजा नशामुक्त का संकल्प: एएनटीएफ और पुलिस की बड़ी पहल
By Shubh Bhaskar ·
31 May 2026 ·
63 views
पीपाड़ शहर में गूंजा नशामुक्त का संकल्प: एएनटीएफ और पुलिस की बड़ी पहल
पीपाड़ शहर। जोधपुर ग्रामीण जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को जड़ से खत्म करने के लिए एंटीनारकोटिक्स टास्क फोर्स और जिला पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम. एन. और एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत शनिवार को पंचायत समिति पीपाड़ शहर के सभागार प्रांगण में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जोधपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा' की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद एएनटीएफ चौकी जोधपुर ग्रामीण के प्रभारी व उप निरीक्षक प्रमीत चौहान ने आमजन को नशे के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशा किस तरह रिश्तों में गिरावट, याददाश्त की कमजोरी और परिवारों की बर्बादी का कारण बन रहा है। चौहान ने नशे की दलदल से बाहर निकलने के व्यावहारिक उपाय भी साझा किए।कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रभावी क्षण वह रहा जब नशे की लत छोड़ चुके 'मुक्तिवीरों' ने उपस्थित आमजन से संवाद किया। उन्होंने अपनी पुरानी जिंदगी के नरक और वर्तमान के सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए, जिसे सुनकर पंडाल में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।उपखण्ड अधिकारी नेमाराम रॉयल ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में महिला शक्ति और स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम के समापन पर थानाधिकारी खेताराम सियोल, ग्राम विकास अधिकारी, और प्रमीत चौहान की टीम कानि. संतोक राम, रामनिवास, विश्वनाथ की मौजूदगी में सभी उपस्थित लोगों को जीवन में कभी नशा न करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने एक सुर में इस अभियान को जोधपुर ग्रामीण के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाकर जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।इस अवसर पर अवसर पर नारकोटिक्स विभाग के प्रीतम चौहान ,थानाधिकारी खेताराम सियोल,अमीलाल जांगिड,पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छवाह, बाबुलाल टाक, प्रभाकर टाक, मगराज पुरोहित,शरीफ छिपा सहित शहर के जागरूक नागरिक मौजूद रहे ।