डॉ. सुरेश चंद शर्मा बने प्रेस क्लब वेलफेयर वर्ल्डवाइड फाउंडेशन के जयपुर जिला अध्यक्ष।
By Shubh Bhaskar ·
02 May 2026 ·
22 views
डॉ. सुरेश चंद शर्मा बने प्रेस क्लब वेलफेयर वर्ल्डवाइड फाउंडेशन के जयपुर जिला अध्यक्ष।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- जयपुर प्रेस क्लब वेलफेयर वर्ल्डवाइड फाउंडेशन ने वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी डॉ. सुरेश चंद शर्मा को जयपुर जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। संस्था द्वारा उनकी नियुक्ति को पत्रकारिता क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और योगदान का सम्मान माना जा रहा है।
प्रेस क्लब वेलफेयर वर्ल्डवाइड फाउंडेशन, कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो विश्वभर में पत्रकारों और मीडिया पेशेवरों के कल्याण के लिए कार्यरत है। संस्था का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के कौशल विकास, पेशेवर उन्नति तथा उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारिता में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
गौरतलब है कि डॉ. शर्मा वर्ष 1977 में जयपुर से “यंग स्टार” नामक पत्र का संपादन एवं प्रकाशन कर चुके हैं और लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। उनकी नियुक्ति पर पत्रकार जगत में खुशी की लहर है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेश चंद शर्मा ने कहा कि एक स्वतंत्र और सशक्त मीडिया के लिए पत्रकारों का कल्याण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि छोटे समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकार आज भी देश की वास्तविक आवाज हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में पत्रकारों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें वित्तीय अस्थिरता, कम वेतन, कार्य के दौरान हिंसा और धमकियां, झूठे मुकदमों में फंसाए जाने का खतरा, कानूनी सहायता का अभाव, तकनीकी पिछड़ापन और संसाधनों की कमी शामिल हैं। साथ ही, राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव भी उनकी कार्यशैली को प्रभावित करता है।
उन्होंने कहा कि कई पत्रकारों को एक साथ रिपोर्टर, कैमरा पर्सन और संपादक की भूमिका निभानी पड़ती है, जो उनके कार्य को और चुनौतीपूर्ण बना देता है। इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने सभी प्रेस संगठनों और यूनियनों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही, राज्य एवं केंद्र सरकार के समक्ष समय-समय पर ज्ञापन प्रस्तुत कर पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।