ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

राजगढ़ माचाड़ी में गंदगी का साम्राज्य: नालों की सफाई न होने से सड़कों पर कचरा, बीमारियों का बढ़ा खतरा।

By Shubh Bhaskar · 21 Apr 2026 · 5 views
राजगढ़ माचाड़ी में गंदगी का साम्राज्य: नालों की सफाई न होने से सड़कों पर कचरा, बीमारियों का बढ़ा खतरा।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़ उपखंड मुख्यालय राजगढ़ व समीपवर्ती माचाड़ी कस्बा इन दिनों गंदगी और अव्यवस्था की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। कस्बे के अधिकांश नालों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण वे पूरी तरह कचरे से अटे पड़े हैं। नतीजतन नालों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर बह रहा है, जिससे आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है और पूरे कस्बे में गंदगी का माहौल बना हुआ है। राजगढ़
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बारलाबास, माचाड़ी कस्बे के बस स्टैंड, रैणी चौराहा सहित कई प्रमुख स्थानों व वार्डों में हालात बदतर हैं, जहां नालों की सफाई के अभाव में कचरे के ढेर जमा हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कहीं सफाई की भी जाती है, तो नालों से निकाला गया गीला कचरा सड़कों के किनारे ही छोड़ दिया जाता है। सूखने के बाद यही कचरा हवा के साथ दोबारा नालों में चला जाता है या सड़कों पर फैलकर समस्या को और बढ़ा देता है। इससे प्रशासन के स्वच्छता दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस गंदगी के चलते कस्बों में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। नालों में जमा गंदा पानी और सड़ता कचरा बीमारियों को आमंत्रण दे रहा है। स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। राजगढ़ कस्बे के बारलाबास और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि वे कई बार नगर पालिका प्रशासन को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
कस्बेवासियों ने उपखंड प्रशासन से मांग की है कि मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की मशीनों से गहन सफाई कराई जाए, सड़कों पर पड़े कचरे के ढेरों को तुरंत हटाया जाए और नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए, ताकि कस्बे को गंदगी और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके। सरकार सफाई के नाम इतने पैसे बरबाद कर रही है फिर भी सफाई नहीं हो पा रही है। इसका करण क्या है?

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube