अलवर में घटिया निर्माण उजागर होते ही ठेकेदार की गुंडागर्दी, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल।
By Shubh Bhaskar ·
21 Apr 2026 ·
4 views
अलवर में घटिया निर्माण उजागर होते ही ठेकेदार की गुंडागर्दी, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर शहर के बिजली घर चौराहे पर किए गए सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सच्चाई उजागर होते ही ठेकेदार की दबंगई और प्रशासन की खामोशी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर विकास न्यास द्वारा शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से गरीबों के चूल्हे हटाकर फुटपाथ का निर्माण कराया गया था। लेकिन महज 15 दिन पहले बने इस फुटपाथ की हालत अब बदहाल हो चुकी है। फुटपाथ पर लगाया गया लाल पत्थर करीब 50 स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, कई जगहों से सीमेंट उखड़ रही है, रंग फीका पड़ चुका है और पत्थर टूटने लगे हैं। यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों ने जब इस घटिया निर्माण की सच्चाई को उजागर करने की कोशिश की, तो ठेकेदार और उसके साथियों ने उन्हें धमकाने का प्रयास किया। आरोप है कि उनके मोबाइल छीनने की कोशिश की गई और डराकर चुप कराने की कोशिश की गई।
इस घटनाक्रम के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि जहां सच्चाई सामने लाने पर आम नागरिकों को ही डराया-धमकाया जाए, वहां लोकतंत्र और नागरिक सुरक्षा की क्या स्थिति रह जाती है। क्या ऐसे माहौल में कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस कर पाएगा?
सबसे चिंताजनक बात यह है कि नगर विकास न्यास के अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही सामने नहीं आई है। प्रशासन की यह चुप्पी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है और यह संकेत दे रही है कि जिम्मेदार लोग आंखें मूंदे बैठे हैं।
यह मामला अब केवल घटिया निर्माण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ठेकेदार की गुंडागर्दी और प्रशासनिक लापरवाही का एक खुला उदाहरण बनकर सामने आया है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।