जिला कलेक्टर ने किया राजगढ़ क्षेत्र का दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा।
By Shubh Bhaskar ·
17 Apr 2026 ·
22 views
जिला कलेक्टर ने किया राजगढ़ क्षेत्र का दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा।
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को राजगढ़ क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न गांवों में संचालित विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बावड़ी, ढिगावड़ा तथा कोठारी बास सहित विभिन्न स्थानों पर राजकीय विद्यालयों और अन्य परियोजनाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने ढिगावड़ा में खराब बोरिंग के सदुपयोग से बनाए गए रिचार्ज सिस्टम का निरीक्षण किया और उसे शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के रिचार्ज सिस्टम अन्य स्थानों पर भी विकसित करने की बात कही। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में सांसद निधि से विकसित बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और रनिंग ट्रैक का निरीक्षण कर उनकी मार्किंग कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने श्मशान घाट में निर्माणाधीन टीनशेड का निरीक्षण करते हुए वहां पौधारोपण और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। माचाड़ी में पीलीया कुंड बावड़ी और ब्राह्मण मोहल्ले में जनसहयोग से हुए प्राचीन बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान आमजन से संवाद करते हुए उन्होंने जल संरक्षण में जनभागीदारी को आवश्यक बताया और कहा कि इससे भूजल स्तर में सुधार संभव है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण से न केवल सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहेगी, बल्कि ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। माचाड़ी में मनरेगा के तहत विकसित नर्सरी, उद्यान और पार्क निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इन्हें और बेहतर तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए।
कोठारी बास में बंद पड़े विद्यालय भवन का निरीक्षण कर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों के पास भवन नहीं है, वे इसका उपयोग करें। साथ ही यहां पुस्तकालय विकसित करने और पौधारोपण कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रैणी हरकेश मीणा, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, तहसीलदार कैलाश मेहरा, मनरेगा के अधिशासी अभियंता नरेन्द्र लाखीवाल, वाटरशेड के अधिशासी अभियंता प्रहलाद मीणा, विकास अधिकारी राधेश्याम मीणा, बीसीएमओ डॉ. रामस्वरूप मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।