लाल पत्थर में छिपा भ्रष्टाचार: 15 दिन में उखड़ी सुंदरता, प्रशासन पर उठे सवाल।
By Shubh Bhaskar ·
17 Apr 2026 ·
17 views
लाल पत्थर में छिपा भ्रष्टाचार: 15 दिन में उखड़ी सुंदरता, प्रशासन पर उठे सवाल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर शहर में सौंदर्यीकरण के नाम पर किए जा रहे विकास कार्य अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े करने लगे हैं। बिजली घर चौराहे से जनाना अस्पताल तक बनाए गए फुटपाथ और डिवाइडर पर लगाए गए लाल पत्थर महज 15 दिनों में ही अपनी गुणवत्ता की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। जगह-जगह से पत्थर टूटने और उखड़ने लगे हैं, वहीं उन पर की गई रंगाई भी शहर की सुंदरता बढ़ाने के बजाय उसे बदसूरत बना रही है।
हैरानी की बात यह है कि यह घटिया निर्माण कार्य नगर विकास न्यास कार्यालय से महज 200 मीटर की दूरी पर हुआ है, जहां से पूरे शहर के विकास कार्यों की निगरानी की जाती है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस खराब गुणवत्ता पर क्यों नहीं पड़ी, या फिर इसे जानबूझकर नजरअंदाज किया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रशासन द्वारा शहर को सुंदर बनाने के नाम पर गरीबों के चूल्हे तक हटाए गए थे। लेकिन अब वही लोग उजड़ गए और बदले में शहर को मिला अधूरा और घटिया निर्माण, जो कुछ ही दिनों में खराब हो गया।
स्थानीय लोगों में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह पूरा मामला सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो और जनता के पैसे की बर्बादी का पूरा हिसाब लिया जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शहर की सुंदरता केवल गरीबों को हटाने से आएगी, या फिर टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों से?