नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, संयुक्त छापेमारी में ₹11 लाख से अधिक की खेप बरामद
By Shubh Bhaskar ·
16 Apr 2026 ·
6 views
नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, संयुक्त छापेमारी में ₹11 लाख से अधिक की खेप बरामद
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश बलरामपुर | जनपद में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नेपाल सीमा के पास संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी में अवैध दवाओं की बड़ी खेप बरामद की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि 15 अप्रैल 2026 को अपराह्न करीब 3 बजे एसएसबी 9वीं बटालियन, ड्रग इंस्पेक्टर सुमीत वर्मा और थाना हर्रैया पुलिस की संयुक्त टीम ने महादेव बांकी, खरवन बांध क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। इस दौरान एक महिंद्रा पिकअप लोडर UP 46T 6047 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अल्प्राजोलाम, ट्रामाडोल, डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, एसीटामिनोफेन टैबलेट्स और कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी प्रतिबंधित दवाएं अवैध रूप से ले जाई जा रही थीं।
छापेमारी के दौरान वाहन में सवार गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव और चालक कपिल जायसवाल को मौके से गिरफ्तार किया गया। टीम ने कुल 35 बॉक्स दवाएं बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹11,47,057 बताई जा रही है। साथ ही पांच दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
यह कार्रवाई लगातार 12 घंटे तक चली, जो 15 अप्रैल की दोपहर 3 बजे शुरू होकर 16 अप्रैल की सुबह 3 बजे तक जारी रही।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 08/21, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।