खाकी का शौर्य, जनता का विश्वास: कोटा में गूँजा राजस्थान पुलिस का 'विजय घोष'।
By Shubh Bhaskar ·
15 Apr 2026 ·
45 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
खाकी का शौर्य, जनता का विश्वास: कोटा में गूँजा राजस्थान पुलिस का 'विजय घोष'।
पुलिस स्थापना दिवस पर जवाहर नगर में दिखा भव्य नजारा; सेल्फ डिफेंस और कालिका यूनिट के प्रदर्शन ने जीता दिल।
कोटा शहर पुलिस नें सड़कों पर मंगलवार को जब पुलिस का बैंड देशभक्ति की धुनें बिखेर रहा था और महिला पुलिस की 'कालिका यूनिट' हुंकार भर रही थी, तो हर राहगीर के कदम ठिठक गए। अवसर था राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस का, जिसे कोटा शहर पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट सेंटर, जवाहर नगर में एक उत्सव की तरह मनाया। समारोह में न केवल पुलिस का अनुशासित शौर्य दिखा, बल्कि आधुनिक तकनीक और सामुदायिक सुरक्षा का संगम भी नजर आया।
सेल्फ डिफेंस: जब बेटियों ने दिखाया आत्मरक्षा का दम
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कोटा शहर पुलिस की सेल्फ डिफेंस टीम का प्रदर्शन रहा। महिला पुलिसकर्मियों ने जब मार्शल आर्ट्स और तकनीक के माध्यम से हमलावरों को पछाड़ने के दांव-पेंच दिखाए, तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य वहाँ मौजूद हजारों कोचिंग छात्रों और महिलाओं को यह संदेश देना था कि वे अपनी सुरक्षा के लिए स्वयं सक्षम और जागरूक बनें।
कालिका पेट्रोलिंग: सुरक्षा का नया 'कवच'
आत्मरक्षा प्रदर्शन के बाद महिला सुरक्षा को समर्पित 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' की भव्य रैली निकाली गई। नीली वर्दी और स्कूटर पर सवार इन महिला पुलिसकर्मियों की रैली ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि कोटा की सड़कों पर अब मनचलों और अपराधियों की खैर नहीं है। यह यूनिट शहर के प्रमुख चौराहों, कोचिंग इलाकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 24x7 सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिस अधीक्षक का संबोधन: 'टेक्नोलॉजी ही है भविष्य की सुरक्षा'
समारोह को संबोधित करते हुए कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने नागरिकों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के लिए बनाई गई पुलिस की पहलों का जिक्र किया:
गरुड़व्यूह और KSoS ऐप: छात्रों की सुरक्षा को डिजिटल रूप से अभेद्य बनाने की दिशा में ये मील का पत्थर हैं।
राजकॉप सिटिजन ऐप: उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक इस ऐप को डाउनलोड करे ताकि आपातकाल में पुलिस एक क्लिक पर उपलब्ध हो सक।
स्टूडेंट सेल: कोचिंग सिटी होने के नाते छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए स्टूडेंट सेल को और अधिक सक्रिय किया गया है।
बैंड की धुनों पर थिरके कदम
कोटा शहर पुलिस, कोटा ग्रामीण पुलिस और RAC के बैंड ने अपनी जादुई प्रस्तुति से पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया। समारोह में कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर सहित समस्त वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। पुलिस और जनता के बीच बढ़ते इस तालमेल ने यह साबित कर दिया कि कोटा पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और खुशहाल सामाजिक परिवेश बनाने के लिए भी तत्पर है।