महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम– भजनलाल शर्मा
By Shubh Bhaskar ·
15 Apr 2026 ·
10 views
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम– भजनलाल शर्मा
दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया
चित्तौड़गढ़, 15 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है। इस अधिनियम से संसद एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे उनकी राजनीति में भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस कानून से महिलाओं को नीति निर्माण, शिक्षा, सुरक्षा एवं विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभाने का सशक्त अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट मानना है कि देश तभी प्रगति कर सकता है जब महिलाएं हर क्षेत्र में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएं। भारतीय सनातन संस्कृति में भी नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और महिला सशक्तिकरण को हमेशा प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ देश और प्रदेश के विकास में भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रही हैं। वर्तमान समय में महिलाएं स्टार्टअप, शिक्षा, खेल, पुलिस, प्रशासन एवं विज्ञान जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
यह विचार मुख्यमंत्री ने बुधवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम में चित्तौडग़ढ़ मेडिकल के छात्र छात्राएं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।