बीकानेर कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।
By Shubh Bhaskar ·
13 Apr 2026 ·
12 views
बीकानेर कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- बीकानेर- राजस्थान के बीकानेर स्थित कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और कोर्ट परिसर की गहन जांच शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी में लिखा गया है कि जिन पुलिसकर्मियों को मौत की सजा दी गई है, वे बेकसूर थे, जबकि असली दोषी राजनीतिक आका हैं। इस तरह के संदेश से मामले को लेकर गंभीरता और बढ़ गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए और कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी देने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और साइबर टीम भी इस मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कोर्ट को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।