ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ, शिक्षा-स्वास्थ्य जागरूकता की दोहरी पहल

By Shubh Bhaskar · 01 Apr 2026 · 15 views
स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ, शिक्षा-स्वास्थ्य जागरूकता की दोहरी पहल

विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान भी शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा संदेश

जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, रैली से जागरूकता का संकल्प

बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरण, उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान

“कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे” – जिलाधिकारी
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार

उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 01 अप्रैल 2026।
जनपद में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘स्कूल चलो अभियान’, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का भव्य शुभारंभ बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय खगईजोत से किया गया। यह अभियान अब जनपद के सभी विद्यालयों एवं ग्रामों में संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साह और जनभागीदारी का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा के महत्व और हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित की गई तथा स्कूल चलो अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में रजनीश कुमार शर्मा, राम सेवक, राजेश, श्रद्धा सिंह और आरती सिंह शामिल रहे।
इसके साथ ही स्कूल चलो रैली एवं संचारी रोग नियंत्रण रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव-गांव जाकर शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि यह अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का संकल्प है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि जनपद का कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे।
वहीं विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और मिशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं बेहतर हुई हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube