ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

गुलाबपुरा में अधिवक्ता पर हमले से अधिवक्ताओं में आक्रोश, अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग तेज मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

By Shubh Bhaskar · 28 Mar 2026 · 31 views
गुलाबपुरा में अधिवक्ता पर हमले से अधिवक्ताओं में आक्रोश, अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग तेज

मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।

केकड़ी- प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ बढ़ रही मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटनाओं को लेकर अधिवक्ता समाज में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता मंच के प्रदेश महासचिव मनोज आहूजा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पत्र में बताया गया कि 25 मार्च 2026 को भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा स्थित आगूंचा टोल प्लाजा पर अधिवक्ता रामकुंवर प्रजापत एवं उनके परिवार के साथ टोलकर्मियों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि पहचान बताने के बावजूद अधिवक्ता पेशे को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई तथा महिलाओं और बच्चियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
घटना के बाद गुलाबपुरा थाने में मामला दर्ज कर पीड़ित अधिवक्ता और उनके परिजनों का मेडिकल कराया गया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ केवल साधारण धाराओं में कार्रवाई किए जाने से अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी व्याप्त है। मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तारी से बाहर बताए जा रहे हैं।
पत्र में कहा गया है कि यदि अधिवक्ता और उनका परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो आमजन की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करना समय की आवश्यकता बताया गया है।
मनोज आहूजा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रदेश में शीघ्र अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किया जाए तथा गुलाबपुरा घटना में शामिल सभी दोषी टोलकर्मियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पत्र भेजने के दौरान बार उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचोली, वरिष्ठ अधिवक्ता निर्मल चौधरी, मुरलीधर शर्मा, शिवप्रसाद पाराशर, लेसी झवर, भैरू सिंह राठौड़, फरीद खान, धर्मेंद्र सिंह मेघवंशी, शंकर सिंह सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube