बाराही माता का तीन दिवसीय मेला आज से शुरू, ध्वजा यात्रा के साथ होगा शुभारंभ।
By Shubh Bhaskar ·
25 Mar 2026 ·
23 views
बाराही माता का तीन दिवसीय मेला आज से शुरू, ध्वजा यात्रा के साथ होगा शुभारंभ।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- माचाड़ी- प्राचीन काल में अलवर जिले की राजधानी रहे माचाड़ी कस्बे में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बाराही माता मंदिर में तीन दिवसीय मेला गुरुवार, 26 मार्च 2026 से शुरू हो रहा है। मेले को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बाराही माता के पुजारी पंडित सुरेश चंद शर्मा एवं पंडित जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले का शुभारंभ ध्वजा चढ़ाने की परंपरा के साथ किया जाएगा। ध्वजा चढ़ाने से पहले बैंड-बाजों के साथ भव्य ध्वजा यात्रा निकाली जाएगी, जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ माता का गुणगान करेंगे। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर में ध्वजा चढ़ाई जाएगी और मेले का शुभारंभ होगा।
मेले में दूर-दराज से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भक्तजन माता के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं और प्रसाद अर्पित करते हैं। इस अवसर पर मंदिर में माता का भव्य श्रृंगार किया जाएगा तथा मंदिर और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
वहीं माचाड़ी मार्ग स्थित राजगढ़ के देवीजी मंदिर प्रांगण और गुगडोद गांव के मंशा माता मंदिर में भी दो दिवसीय मेलों का आयोजन किया जाएगा, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।
नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालु नौ दिनों तक मंदिरों और अपने घरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। अष्टमी, नवमी और दशमी के दिन कन्या पूजन कर उन्हें प्रसाद व भेंट देकर आशीर्वाद लिया जाता है।
मेले को लेकर प्रशासन एवं स्थानीय लोगों द्वारा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।