ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

भूमि विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

By Shubh Bhaskar · 12 Mar 2026 · 29 views
भूमि विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

गोण्डा। जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रुकमंगदपुर गांव में 7 मार्च को महेश बाजपेई और रक्षाराम पक्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान महेश बाजपेई के भाई रमेश कुमार को गंभीर चोटें आ गईं। परिजनों ने घायल रमेश कुमार को उपचार के लिए पहले मेडिकल कॉलेज गोंडा में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में दो दिन तक इलाज चलने के बाद 9 मार्च को रमेश कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई महेश बाजपेई ने थाना कौड़िया में तहरीर देकर सूरज उर्फ रक्षाराम, शिवम बाजपेयी और ओमप्रकाश वाजपेयी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को आर्यनगर-छितौनी नहर मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। सूचना मिलने पर सीओ कर्नलगंज अभिषेक दवाच्या मौके पर पहुंचे और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। सीओ कर्नलगंज अभिषेक दवाच्या ने बताया कि 7 मार्च को हुई मारपीट में घायल रमेश कुमार की 9 मार्च को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube