ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

जयपुर में सवारियों से भरी रोडवेज बस में लगी आग, 70 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

By Shubh Bhaskar · 27 Feb 2026 · 159 views
जयपुर में सवारियों से भरी रोडवेज बस में लगी आग, 70 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
जयपुर- राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब सवारियों से भरी राजस्थान रोडवेज की बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि आग की इस घटना में पूरी बस जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई।
सिंधीकैम्प से केकड़ी के लिए रवाना हुई थी बस
मानसरोवर फायर स्टेशन की फायरमैन शकुंतला सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोडवेज बस जयपुर के सिंधीकैम्प बस स्टैंड से केकड़ी के लिए शुक्रवार दोपहर रवाना हुई थी। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। मानसरोवर रीको चौराहे से सांगानेर की ओर जाते समय अचानक चलती बस से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
ड्राइवर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
बस से धुआं उठता देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को जल्दबाजी में बस से बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों ने घबराहट में बस से कूदकर भी अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जो वायरिंग के जरिए इंजन तक पहुंच गई और तेजी से फैल गई।
आधे घंटे में बस बनी कबाड़
घटना की सूचना मिलते ही मानसरोवर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और रोडवेज प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube