ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

धोखाधड़ी व जालसाजी का आरोप: न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

By Shubh Bhaskar · 27 Feb 2026 · 16 views
धोखाधड़ी व जालसाजी का आरोप: न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गोण्डा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बटौरा बख्तावर सिंह निवासी शैला की तहरीर एवं न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में कल्पनाथ, काजल पत्नी चेतन कुमार शर्मा निवासी ग्राम हरैया डोलकुंआ थाना विशेश्वरगंज जनपद बहराइच तथा रामअशीष शर्मा निवासी ग्राम सर्वांगपुर थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा शामिल हैं।
पीड़िता शैला के अनुसार जनवरी 2022 में हुए एक मार्ग दुर्घटना में उनके पति राम प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद से उनका इलाज नासिक में चल रहा था और उनकी मानसिक व शारीरिक स्थिति सामान्य नहीं थी। शैला का कहना है कि मार्च 2025 में वह पति को इलाज कराकर गांव लेकर आई थीं और उनकी देखभाल कर रही थीं। आरोप है कि 4 मार्च 2025 को आवश्यक कार्यवश उन्हें नासिक जाना पड़ा। इस दौरान उन्होंने अपने पति की देखरेख की जिम्मेदारी काजल को सौंपी थी। इसी बीच आरोपियों ने कथित रूप से आपस में मिलकर उनके पति के नाम दर्ज भूमि के कागजात उप-निबंधक कार्यालय कर्नलगंज में अधिकारियों व कर्मचारियों को अनुचित लाभ पहुंचाकर दान-पत्र के रूप में निष्पादित करवा लिए। पीड़िता का आरोप है कि वापस लौटने पर उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली। जब उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की तो उनके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शैला ने बताया कि उन्होंने पहले कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर दी और बाद में पुलिस अधीक्षक गोण्डा को भी प्रार्थना पत्र सौंपा, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube