रैणी (अलवर) में हरे वृक्षों की कटाई पर उठे सवाल, मंत्री के जन्मदिन पर चल रहा पौधारोपण अभियान!
By Shubh Bhaskar ·
16 Feb 2026 ·
11 views
रैणी (अलवर) में हरे वृक्षों की कटाई पर उठे सवाल, मंत्री के जन्मदिन पर चल रहा पौधारोपण अभियान!
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- रैणी-एक ओर प्रदेश भर में संजय शर्मा के जन्मदिवस पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके गृह जिले अलवर के रैणी क्षेत्र में हरे-भरे वृक्षों की खुलेआम कटाई होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दिनदहाड़े पेड़ों को काटकर ले जाया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नजर नहीं आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति तब है जब यह क्षेत्र केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं अलवर संसदीय क्षेत्र के सांसद भूपेंद्र यादव का भी क्षेत्र है। इसके बावजूद पर्यावरण संरक्षण के दावों के बीच हरे वृक्षों की कटाई बेरोकटोक जारी है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि राजस्व विभाग एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो पर्यावरण संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कटाई पर तुरंत रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए तथा क्षेत्र में नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और रैणी क्षेत्र में हरियाली बचाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।