गौ सम्मान दिवस के लिए जागरूकता अभियान, पंच दिवसीय गौ सेवा अनुष्ठान का आयोजन।
By Shubh Bhaskar ·
10 Feb 2026 ·
42 views
गौ सम्मान दिवस के लिए जागरूकता अभियान, पंच दिवसीय गौ सेवा अनुष्ठान का आयोजन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- बिजनौर- जनपद बिजनौर के कस्बा चांदपुर स्थित ग्राम मंसूरपुर में पंच दिवसीय गौ सेवा अनुष्ठान के तहत तृतीय दिवस पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान चौधरी आदित्य वीर सिंह के निवास स्थान पर आचार्य रामस्वरूप शर्मा के पावन सानिध्य में अंकुर शास्त्री एवं आचार्य धर्मेंद्र भारद्वाज सहित अन्य आचार्यगणों द्वारा विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के प्रदेश अध्यक्ष (राजस्थान) गौ पुत्र सुरेश पुजारी उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मदास महाराज के विचारों को ग्रामवासियों तक पहुंचाते हुए कहा कि सनातन धर्म में गौ माता का सर्वोच्च स्थान है और सभी देवी-देवताओं का वास गौ माता में माना गया है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा ही ईश्वर सेवा के समान है।
इस दौरान ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के सहारनपुर जनपद के जिला सचिव गौ पुत्र आदित्य शर्मा भी अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और ग्रामवासियों से संवाद कर उन्हें गौ सेवा एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि लोकदेवता जाहरवीर गोगा जी महाराज ने भी गौ सेवा के लिए अनेक प्रयास किए थे, इसलिए सभी को गौ माता की रक्षा और सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
जिला सचिव आदित्य शर्मा ने बताया कि ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मदास महाराज के निर्देशानुसार आगामी 27 अप्रैल को गौ माता सम्मान दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दिवस को अन्य प्रमुख त्योहारों की तरह उत्साहपूर्वक मनाया जाए तथा अपने-अपने स्तर पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जाए।