ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक दुष्कर्म का आरोप, इनकार पर जान से मारने की धमकी महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार,

By Shubh Bhaskar · 06 Feb 2026 · 69 views
शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक दुष्कर्म का आरोप, इनकार पर जान से मारने की धमकी

महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार,

दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड सूरज सिंह
जनपद ललितपुर के थाना बालावहट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरोदिया से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ एक विधवा महिला ने अपने ही ससुराल पक्ष पर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता मनीषा पटेल निवासी ग्राम बरोदिया ने उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना पहलाजी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि उसके पति का स्वर्गवास 5 जून 2023 को हो गया था। पति की मृत्यु के बाद वह अपने एक नाबालिग बच्चे के साथ ससुराल में रह रही थी।
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर बद्री प्रसाद एवं सास ने उसे यह कहकर भरोसा दिलाया कि वे अपने दूसरे पुत्र अनुज उर्फ शिवेन्द्र पटेल से उसकी शादी करा देंगे। इसी भरोसे के आधार पर अनुज उर्फ शिवेन्द्र ने लगभग दो वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने न केवल शादी से इनकार कर दिया, बल्कि उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकियाँ भी देने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिजन उसे चुप रहने के लिए लगातार दबाव बनाते रहे और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने यह भी बताया कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत करने का प्रयास किया, तो उसे डराया-धमकाया गया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुकी है।
मनीषा पटेल ने राज्य महिला आयोग से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसे और उसके बच्चे को न्याय व सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि विधवा महिलाओं के साथ ससुराल में किस तरह का व्यवहार किया जा रहा है और कानून के डर के बिना कैसे उनका शोषण किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि महिला आयोग और प्रशासन इस गंभीर आरोपों वाले मामले में क्या कार्रवाई करता है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube